माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर परिसर एवं सम्बद्ध समस्त महाविद्यालयों की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएँ दिनांक 27 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो रही हैं। इन परीक्षाओं में कुल 31,856 छात्र-छात्राएँ सम्मिलित होंगे, जिनमें 19,784 छात्र एवं 12,072 छात्राएँ शामिल हैं।
विश्वविद्यालय क्षेत्र के अंतर्गत परीक्षाओं के आयोजन हेतु मीरजापुर जनपद में 51, सोनभद्र जनपद में 32 तथा भदोही जनपद में 16 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। तीनों जनपदों में कुल 99 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएँ सम्पन्न कराई जाएँगी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के वितरण एवं लिखित उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जनपदवार नोडल केंद्र भी निर्धारित किए गए हैं। मीरजापुर जनपद में 11, सोनभद्र जनपद में 05 तथा भदोही जनपद में 04 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। सभी नोडल केंद्रों पर प्रश्नपत्र एवं परीक्षाओं में प्रयुक्त होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है।
नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा हेतु व्यापक निगरानी व्यवस्था
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाओं को सकुशल, नकलविहीन एवं पूर्णतः पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक एवं सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्थाएँ की गई हैं। परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए प्रत्येक जनपद में उड़ाका दल गठित किए गए हैं, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किया गया हैं, ताकि परीक्षा के दौरान अनुशासन, समयपालन एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुशासनहीनता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि “विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र-छात्राओं को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण परीक्षा हेतु उपर्युक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी परीक्षाएँ सुव्यवस्थित एवं अनुशासनात्मक ढंग से सम्पन्न हों, इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए गए हैं। छात्र-छात्राएँ निडर होकर अपनी परीक्षा दें और अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करें।