थाना कटरा के बरौंधा कचार चौकी क्षेत्र में अवैध वाहन कटिंग का धंधा खुलेआम चल रहा है। स्क्रैप गाड़ियों की आड़ में फाइनेंस वाली गाड़ियों को काटकर कबाड़ के भाव बेचा जा रहा है, जिससे टैक्स और जीएसटी की बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है। स्थानीय कबाड़ व्यापारी, खासकर रानी बाग मोहल्ले और बरौंधा कचार के निवासी, नियमों को ताक पर रखकर महीने में सैकड़ों गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स की बिक्री कर रहे हैं। यह गैरकानूनी कार्य नगर पालिका की जमीन पर अवैध कब्जा कर सड़क किनारे किया जा रहा है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस धंधे से न केवल कानून का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और सार्वजनिक व्यवस्था को भी नुकसान पहुंच रहा है। प्रशासन से इस अवैध कारोबार पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठ रही है।