VINDHYAMOUNT — Header

मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका क्षेत्र स्थित ओपस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय संचालन से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और समाधान के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख विषय बकाया आरटीई (RTE) भुगतान रहा। इस मुद्दे पर सभी सदस्यों ने गंभीर चिंता व्यक्त की। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आरटीई भुगतान सहित अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को मिर्जापुर की सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल अथवा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि संगठन निजी विद्यालयों के लिए एक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेगा। संगठन का उद्देश्य साधन, सेवा, सुरक्षा और संघर्ष के माध्यम से निजी विद्यालयों को सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों से एकजुट रहने का आह्वान किया। विश्वजीत दुबे ने कहा कि आरटीई भुगतान में देरी से विद्यालयों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, जिससे संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं। वहीं अभिषेक पांडे ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें प्रशासनिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संगठित प्रयासों को समाधान का प्रभावी माध्यम बताया। बैठक के दौरान संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से विपुल चंद्र (प्रबंधक, ललिता शास्त्री) को सर्वसम्मति से संगठन मंत्री तथा अभिषेक सिंह (डीसीएल पब्लिक स्कूल) को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। बैठक में विजय दुबे, राजेश्वर तिवारी, मुरलीधर उपाध्याय, अभिनेश चंद्र ओझा, इंद्रेश दुबे, सुरेंद्र देव पांडे, घनश्याम बिंद, राजकुमार प्रजापति, संजीव कुमार गुप्ता, अश्वनी कुमार यादव, पंकज पांडे, दिलीप तिवारी, संतोष श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र सिंह, संतोष तिवारी सहित अनेक विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर निजी विद्यालयों की समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »