भारत को टीबी मुक्त बनाने के अभियान अन्तर्गत मंगलवार को जिला क्षय रोग विभाग की टीम द्वारा जनपद के नरायनपुर विकास खंड अंतर्गत स्थित भरेठा गांव के उषा मार्का ईंट भट्टे पर कार्यरत श्रमिकों को टीबी रोग की संपूर्ण जानकारी देते हुए जागरूक करते हुए टीबी रोग के लक्षणों एवं बचाव के उपाय बताए गए। इस दौरान क्षय रोग विभाग के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने ईंट भट्टा श्रमिकों को टीबी रोग के संपूर्ण लक्षणों से परिचित कराते हुए विभाग द्वारा दी जा रही नि:शुल्क सुविधाओं को भी विस्तार पूर्वक बताते हुए सभी को जागरूक किया। कहा आप अपने आस-पास के किसी भी परिचित-अपरचित को यदि टीबी रोग से जुड़े हुए लक्षणों से प्रभावित पाते हैं तो उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल में ले जाकर जांच इलाज कराने का सुझाव देकर देश को टीबी मुक्त बनाने में अपना सराहनीय योगदान देने का प्रयास अवश्य करें, जिससे कि जल्द से जल्द टीबी रोग से पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव से आम जनमानस सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस रोग से घबराकर बैठने की जरुरत नहीं है, बल्कि डटकर नियमित दवा का सेवन कर इस रोग को दूर भगाने की जरूरत है। इस मौके पर भट्टा श्रमिकों के साथ आस-पास के ग्रामीण एवं क्षय रोग विभाग से अखिलेश कुमार, इफ्तिखार अहमद, भट्ठा मालिक महेंद्र कुमार आदि लोग उपस्थित रहे हैं।