मीरजापुर के सेमफोर्ड स्कूल, बसही, में पदस्थापन समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियाँ औपचारिक रूप से सौंपी गईं। यह समारोह विद्यालय के मूल्यों—अनुशासन, नेतृत्व और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो छात्रों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करता है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर शिशिर चन्द्र उपाध्याय (प्रख्यात शिक्षाविद् व समाजसेवी, के.बी.पी.जी. कॉलेज, मीरजापुर), प्रबंधक द्वय विवेक बरनवाल और शिप्रा बरनवाल, प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पांडेय, और हेड कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

मुख्य अतिथि का स्वागत अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह, और पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधे भेंटकर किया गया, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं, जिनमें नृत्य, गायन, और प्रेरक नाटिकाओं ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों ने नेतृत्व, एकता, और रचनात्मकता के महत्व को उजागर किया। समारोह में मुख्य अतिथि और प्रधानाचार्य ने नवनिर्वाचित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों—स्कूल कैप्टन पाण्डेय और निषांत पाण्डेय, वाइस कैप्टन शुभी सिंह और सारांष सेठ, विभिन्न हाउस कैप्टन व वाइस कैप्टन, सीसीए कैप्टन वर्तिका बरनवाल, डिसिप्लिन कैप्टन निखिल यादव, स्पोर्ट्स कैप्टन मो. तौकीद सहित अन्य पदाधिकारियों को बैज और अलंकरण पट्टिका प्रदान कर उनकी जिम्मेदारियाँ सौंपीं। शिक्षक संतोष कुमार विश्वकर्मा ने नवनिर्वाचित छात्रों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रबंधक विवेक बरनवाल ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन, समर्पण, और नैतिकता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर उपाध्याय ने अपने भाषण में कहा, “युवा देश का भविष्य हैं। अनुशासन और मेहनत के बिना कोई लक्ष्य हासिल नहीं हो सकता।” प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पांडेय ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी और आयोजन की सफलता के लिए शिक्षकों, कर्मचारियों, और छात्रों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने देशभक्ति और एकता की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर संगीता शर्मा, वाहीदा बानो, सुप्रिया त्रिपाठी, प्रणव कुमार दुबे, सभी शिक्षकगण, और कर्मचारी उपस्थित रहे।