उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति की बैठक समिति के सभापति डाॅ जयपाल सिंह ‘‘व्यस्त’’ की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आहूत की गई। बैठक में समिति के सभापति एवं सदस्यगण के द्वारा तीनो जनपदो के अधिकारियों से 17 बिन्दुओं पर कराएं गए कार्यो के बारे में विस्तृत जानकारी ली। बैठक में सभापति डाॅ जयपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मण्डल में कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने एवं जिला/तहसील मुख्यालयों पर आने वाले फरियादियों की जन समस्याओं से जुड़े मामलो पर गम्भीरता पूर्वक प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने जनपद में आने वाले व जनपद के जनप्रतिनिधिगण के साथ निर्धारित प्रोटोकाल का पालन करने तथा जनप्रतिनिधिगण के फोन नम्बर/नाम अपने मोबाइल फीड कर ले व जनप्रतिनिधि के द्वारा किए गए फोन को रिसीव करते हुए उनकी बातो को व समाधान कराएं। समिति के सभापति व सदस्यगण के द्वारा सिंचाई विभाग के सिल्ट सफाई तथा उसके सत्यापन कराए जाने की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि सिल्ट सफाई के दौरान उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को भी जानकारी देते हुए उन्हे सत्यापन हेतु आमंत्रित कर मौके का निरीक्षण कराया जाए। किसानों की सिंचाई से सम्बन्धित समस्याओ के निदान हेतु सिंचाई बंधु की बैठक निर्धारित समय सीमा पर सम्पन्न कराई जाए। बैठक में तीनो जनपदो के सम्बन्धित अधिकारियों से राजकीय नलकूपो की स्थिति, कुल नलकूप के सापेक्ष संचालित व खराब नलकूपो के बारे में जानकारी ली गई तथा निर्देशित किया कि जो भी नलकूप खराब हो उन्हें अविलम्ब मरम्मत करा लिया जाए। लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपदों में कराए जाने वाले गड्ढामुक्त सड़को के सम्बन्ध में अब तक कितने सड़को पर कार्य कराया गया, कितने अवशेष रह गए जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि मार्गो की मरम्मत एक माह में पूर्ण कराते हुए सड़को को गड्ढामुक्त बनाएं। बैठक में अधिकारियों से यह भी कहा गया कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर शिकायत प्रकोष्ठ का गठन करे तथा उसकी मानिटरिंग स्वंय प्रतिदिन की जाए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रत्येक कार्ड धारको को समय से राशन सामाग्री वितरण कराना तथा शिकायत की स्थिति में दोषी लाइसेंस धारको के विरूद्ध जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। महिला कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान महिला सुधार गृह बाल संरक्षण गृह की स्थिति एवं उसमें रहने वाले बच्चों व महिलाओं की संख्या, देय सुविधाएं आदि के बारे में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में यह भी समीक्षा की गई कि जनप्रतिनिधियों के द्वारा क्षेत्र विकास निधि से सम्बन्धित जो पत्र प्राप्त हुए है उन पर क्या कार्यवाही की गई। बैठक में समिति के सदस्य रमा निरंजन, सदस्य रामतीर्थ सिंघल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, विधायक छानबे रिंकी कोल के अलावा जिलाधिकारी मीरजापुर प्रियंका निरंजन, जिलाधिकारी सोनभद्र बी0एन0 सिंह, जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर सोमेन बर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अशोक मीणा, पुलिस अधीक्षक भदोही, मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर विशाल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भदोही एवं समिति के साथ निजी सचिव सर्वेश कुमार, अनुभाग अधिकारी संजय कुमार, निजी सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा एवं रिपोर्टर अर्चित वाजपेयी, नगर मजिस्ट्रेट विनीत कुमार उपाध्याय व जनपद मीरजापुर, भदोही एवं सोनभद्र के सभी सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें।