VINDHYAMOUNT

विंध्याचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसिया विंध्याचल में उत्तर प्रदेश विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के शासकीय कार्यालय भवन का प्रदेश के मंत्री, सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग स्वतंत्रदेव सिंह ने भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक छानबे रिंकी कोल, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद श्याम सुंदर केशरी अन्य सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद कार्यालय भवन 2372.99 लाख रुपये की लागत से 855 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट काॅरपोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-16, मीरजापुर द्वारा कराया जाएगा। परियोजना के लिए 850 लाख रुपये की धनराशि पहले ही अवमुक्त की जा चुकी है। इस परियोजना में विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय भवन के साथ-साथ तृतीय तल, बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम, गेट, हार्टिकल्चर, और बाह्य विकास कार्य शामिल हैं। यह परियोजना क्षेत्र के धार्मिक और प्रशासनिक महत्व को और सशक्त करेगी, साथ ही स्थानीय विकास को गति प्रदान करेगी।जल संसाधन मंत्री ने इस परियोजना को विंध्याचल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद कार्यालय का निर्माण न केवल प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाएगा, बल्कि यह विंध्याचल के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगी। मंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल व विधायक छानबे रिंकी कोल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुन्दर केशरी ने इस परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस कार्यालय भवन के तैयार होने से विन्ध्याचल के तीर्थ स्थल की गरिमा बढ़ेगा। यह परियोजना न केवल प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करेगी, बल्कि विंध्याचल को एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चंद आदि लोग भी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »