लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जंयती 31 अक्टूबर 2025 से 06 दिसम्बर 2025 तक पूरे जनपद मे पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी विधानसभाओ मे पदयात्रा का आयोजन के अलावा स्वच्छता अभियान, स्वादेशी मेला, नशामुक्ति अभियान, सरदार पटेल की विरासत पर सेमिनार व वाद विवाद प्रतियोगिताए जनपदीय स्कूलो/कालेजो में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियो के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियो के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पदयात्रा प्रारम्भ होने के स्थल से लेकर जिन मार्गो से होते हुए पदयात्रा निकाली जाएगी समापन स्थल तक लोक निर्माण विभाग व सम्बन्धित अधिशासी अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि पदयात्रा मार्ग पूरी तरह गड्ढा मुक्त हो, बिजली विभाग द्वारा उक्त मार्गो पर भ्रमण कर सुनिश्चित किया जाए कि यदि कहीं बिजली के तार व केबिल आदि ढीले हो नीचे तक लटक रहे हो तो उन्हे सही करा ले। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभाओ में निकाली जाने वाली पदयात्रा के प्रभारी सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट व नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट होंगे। अपने-अपने क्षेत्रो में सम्बन्धित अधिकारियो के साथ भ्रमण कर सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करा ले। जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली पदयात्रा में जनपद के मा0 जनप्रतिनिधिगण के अलावा एन0एस0एस0, एन0सी0सी0, स्काउट गाइड व युवक मंगल दल के सदस्यो तथा स्कूल और कालेजो के विद्यार्थियो को भी सम्मिलित किया जाए। प्रत्येक यात्रा के मार्गो पर बेहतर साफ सफाई व रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। सरदार पटेल जी के उद्हरण और राष्ट्रीय एकता दिवस तथा आगामी पदयात्रा से सम्बन्धित संदेशो वालो साइन बोर्ड, बैनर आदि भी लगाया जाए। 08 किलोमीटर तक तय की जाने वाली सभी पदयात्राओ के प्रत्येक दो किलोमीटर पर सार्वजनिक सुविधा स्थल बनाए जिसमे पानी शौचालय, हल्का भोजन/नाश्ता को भी शामिल किया जाए। पदयात्रा मे जनपद के नागरिको, व्यवसायियों को भी शामिल होने के लिए स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया व समाचार के माध्यमो से सूचित करते हुए शामिल किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पदयात्रा के दिनांक तक मार्गो पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाए जिसमे प्लास्टिक कचरा हटाना मलबा साफ करना तथा सार्वजनिक स्थलो को सुन्दर व स्वच्छ बनाना शामिल हों। प्रत्यक ठहराव स्थान और समापन बिन्दु पर कार्यक्रम के तुरंत बाद नगर पालिका व जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा सफाई भी सुनिश्चित कराई जाए। पदयात्रा मे यह सुनिश्चित किया जाए कि तिरंगा झण्डा के अलावा कोई अन्य किसी भी प्रकार का झण्डा शामिल नहीं होगा। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लौहपुरूष सरदार पटेल के 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद मे निर्धारित तिथिवार कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रमो में 31 अक्टूबर 2025 से 06 दिसम्बर 2025 तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 को सभी विधानसभाओं में रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा उसी दिन बिनानी चैराहा भरूहना पर स्थापित सरदार पटेल जी के प्रतिमा पर प्रातः 07 बजे माल्यार्पण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरान्त रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जो सिटी क्लब में जाकर समापन होगा, जिसमें स्पोर्ट व नागरिकगण शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख मार्गो मे नागरिको द्वारा मानव श्रंृखला बनाकर सरदार पटेल जी को श्रंद्धाजलि अर्पित की जाएगी। विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में 01 नवम्बर 07 नवम्बर 2025 के मध्य कालेजो, स्कूलो में विभिन्न वर्ग के छात्र-छात्राओ के द्वारा भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, चित्र कला प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। जिसके नोडल अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी होंगे।