प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर, बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी से खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार ने ‘सेवा पर्व’ के अंतर्गत ‘खादी महोत्सव-2025’ का शुभारंभ किया। इस बार ‘खादी महोत्सव-2025’ की थीम प्रधानमंत्री के स्वदेशी मंत्र से प्रेरित होकर ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ रखी गई है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विभाग के सहयोग से केवीआईसी के मंडलीय कार्यालय वाराणसी द्वारा आयोजित ‘खादी मैराथन’ से हुई। वहीं, शाम को खादी एवं ग्रामोद्योग विद्यालय, सेवापुरी में ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत कुम्हार सशक्तिकरण कार्यक्रम द्वारा प्रशिक्षित कुम्हारों को 300 आधुनिक विद्युत चालित चाक वितरित किए गए। प्रातः मालवीय भवन से एम्फीथिएटर तक खादी मैराथन का आयोजन किया गया। खादी मैराथन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज कुमार थे। अध्यक्ष केवीआईसी के साथ बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना और देश में आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त करना था। मैराथन के बाद बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘स्वदेशी प्रतिज्ञा’ लेकर खादी और स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए अध्यक्ष केवीआईसी ने स्वयं भी मैराथन में भाग लिया।