VINDHYAMOUNT — Header

शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर विंध्याचल धाम में मंडलायुक्त विंध्याचल बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस महानिरीक्षक आर0पी0 सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने प्रशासनिक भवन विंध्याचल में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। 22 सितम्बर से आरम्भ होने वाले शारदीय नवरात्र मेला में जल निगम नगरीय के द्वारा खोदे गए सड़कों के मरम्मत बार बार निर्देशित करने के उपरांत भी कार्य नहीं किया जा रहा है जिस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडलायुक व जिलाधिकारी ने जल निगम के अवर अभियंता व ठेकेदार को विंध्याचल थाने में बैठाने का निर्देश देते हुए कहा कि यही से उन सबसे कार्य कराया जाए ताकि कार्य समय से पूर्ण हो सके। बैठक में त्रिकोण मार्ग, अष्टभुजा पहाड़ पर मोतिया तालाब से सीता कुंड तक जाने वाले मार्ग पर पर्याप्त एल0ई0डी0 बल्ब लगाकर प्रकाश व्यवस्था कराई जाए। मंडलायुक्त ने मंदिर परिसर, गंगा घाट, बैरिकेटिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल, मेला मार्गों की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के बैठने हेतु सेड की व्यवस्था के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा कहा कि मेला से पूर्व दिए गए समय पर कार्य पूर्ण कराए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए और मेला आने वाले भक्तों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कहा कि मेला क्षेत्र में भीड़-भाड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। साथ ही पुलिस व प्रशासन को चौकसी बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बैरिकेटिंग और लाईफ गार्ड, महिलाओं के वस्त्र बदलने के स्थान ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बिजली, पानी, यातायात और चिकित्सीय सुविधाओं को दुरुस्त करते हुए समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया तथा कहा कि सभी विभाग मेला क्षेत्र में अपने अपने कार्यालय खोलने तथा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए मोबाइल नंबर सहित सूची नगर मजिस्ट्रेट व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत, पेयजल हेतु टैंकरों की व्यवस्था, अस्थाई टोटी लगाना, शास्त्री ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था, घाटों पर बैरिकेटिंग सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। पुलिस महानिरीक्षक आर0पी0 सिंह ने कहा कि सभी वहां पार्किंग के लाइसेंस जारी करने के शर्तों में वहां पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, रेत सूची बोर्ड लगाना उल्लिखित किया जाए। जिस वहां पार्किंग में अधिक रेट लिए जाने की शिकायत मिलती तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी व वरिष्ठ अधिकारी ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड की व्यवस्था, शौचालय व सफाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अजय कुमार सिंह, नमामि गंगे विजेता, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »