VINDHYAMOUNT — Header

आज के आधुनिक दौर में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रह गई है। प्राथमिक शिक्षा किसी भी बच्चे के जीवन की वह नींव होती है, जिस पर उसके भविष्य का सम्पूर्ण व्यक्तित्व तैयार होता है। यदि बचपन में सही शिक्षा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण मिले, तो वही बच्चा आगे चलकर समाज और राष्ट्र का जिम्मेदार नागरिक बनता है। इसलिए छोटे बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि माता-पिता, अभिभावकों और पूरे समाज की भी होती है। विद्यालय बच्चों को ज्ञान देने का केंद्र होता है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले कर्मचारी नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माता होते हैं। प्राथमिक स्तर पर शिक्षक को बच्चों के भीतर जिज्ञासा, अनुशासन, नैतिकता और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों को डर या दबाव से नहीं, बल्कि प्रेम, प्रेरणा और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा दी जानी चाहिए। यदि विद्यालय में स्वच्छ वातावरण, खेलकूद, नैतिक शिक्षा, योग, कहानी और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, तो बच्चों का मानसिक एवं बौद्धिक विकास और अधिक प्रभावी होता है। दूसरी ओर माता-पिता और अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। बच्चा अपने घर से ही सबसे पहले सीखना शुरू करता है। यदि घर का वातावरण सकारात्मक, अनुशासित और संस्कारयुक्त होगा, तो उसका प्रभाव बच्चे के व्यवहार में स्वतः दिखाई देगा। अभिभावकों को बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता को समझना चाहिए। मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचाते हुए बच्चों को पुस्तक पढ़ने, परिवार के साथ समय बिताने और अच्छे संस्कार सीखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। बच्चों के सामने माता-पिता का व्यवहार ही उनकी सबसे बड़ी शिक्षा बनता है। आज आवश्यकता इस बात की है कि विद्यालय और अभिभावक एक-दूसरे के सहयोगी बनें। केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चे को ईमानदार, संवेदनशील, अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाना भी उतना ही आवश्यक है। जब स्कूल नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करें और अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई तथा व्यवहार पर सतत ध्यान दें, तब शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकता है। प्राथमिक शिक्षा में नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कारों का समावेश भी अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को बड़ों का सम्मान, प्रकृति संरक्षण, सत्य बोलना, सहयोग की भावना और राष्ट्रप्रेम जैसी बातों की शिक्षा बचपन से ही दी जानी चाहिए। क्योंकि जिस पीढ़ी के संस्कार मजबूत होंगे, वही राष्ट्र को मजबूत बनाएगी। यदि विद्यालय, शिक्षक, माता-पिता और समाज मिलकर अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएं, तो निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी ज्ञानवान, संस्कारयुक्त और चरित्रवान बनेगी। यही मजबूत भारत और उज्ज्वल भविष्य की वास्तविक आधारशिला होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »