केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के उप सचिव (तकनीकी) एवं समर्थ योजना के नोडल अधिकारी दशरथी बेहेरा ने रविवार को संगीता सिल्क क्रियेशन, केशरीपुर, लोहता (वाराणसी) में संचालित समर्थ योजना का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। बेहेरा ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को ₹5100 की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जो पूर्व बैचों को वितरित की जा चुकी है तथा नए बैचों को यह राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सहायक निदेशक ए.के. राव भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 75% एवं 90% की छूट के साथ मशीनें कैसे प्राप्त की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहायक निदेशक नितिन ने “मेरा रेशम – मेरा अभिमान” अभियान की जानकारी दी तथा रेशम की खपत एवं रेशम से बुनाई को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एक रोड शो भी आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम प्रधान अभय ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संगीता सिल्क क्रियेशन के विशाल, प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थी दिनेश, विजय, रीमा, बन्नी तथा मास्टर ट्रेनर्स सोनू मौर्या, अशोक मौर्या, अभिनव सिंह, सौरभ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।