उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश व प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक परिवर्तन आया है। जनपद गोरखपुर में 260 बेडेड अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण होना स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। इसमें एक छत के नीचे कॉर्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी, कैथ लैब, 80 बेडेड आई0सी0यू0 आदि से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस अस्पताल के मॉडर्न ओ0टी0 में इंफेक्शन की सम्भावना नगण्य होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बिहार तथा नेपाल के लोगों को गोरखपुर में यह सुविधा प्राप्त होना अत्यन्त प्रशंसनीय कार्य है। श्री तन्मय मोदी जी ने अपने नाम के अनुरूप पूरी तन्मयता के साथ यह सुविधाएं प्रदान करायी हैं। मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में रीजेन्सी हॉस्पिटल का लोकार्पण करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हॉस्पिटल का निरीक्षण कर वहां की चिकित्सीय व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल उपचार का माध्यम होता है, लेकिन पर्याप्त सतर्कता व सावधानी न बरतने पर इंफेक्शन की सम्भावना बनी रहती है। यह स्थिति मरीज के लिए जानलेवा साबित होती है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए रीजेन्सी के साथ मिलकर इस नये सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का यहां शुभारम्भ किया जा रहा है। इस क्षेत्र की 05 करोड़ जनता के लिए यह अस्पताल स्वास्थ्य सुविधा का केन्द्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रीजेन्सी हॉस्पिटल ने जनपद कानपुर से अपनी यात्रा प्रारम्भ की थी। रीजेन्सी हॉस्पिटल को कानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का बैकबोन माना जाता है। कोविड काल खण्ड के दौरान भी रीजेन्सी हॉस्पिटल ने बेहतरीन सेवाएं प्रदान कीं। अब कानपुर के अतिरिक्त अन्य जनपदों में भी रीजेन्सी हॉस्पिटल की चेन प्रारम्भ हुई है। यदि स्थानीय स्तर पर कोई व्यक्ति इस चेन में निवेश करता है, तो इस हॉस्पिटल की टीम के अनुभव का लाभ तथा हब एवं स्पोक का नया मॉडल प्राप्त होगा। जिस स्वास्थ्य सुविधा के लिए यहां नागरिकों को दिल्ली-मुम्बई जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता है। वह सुविधा उन्हें अपने ही जनपद में उपलब्ध होगी।