39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र ने ‘कारगिल विजय दिवस’ को बड़े उत्साह और सैन्य धूमधाम से मनाया, ताकि उन सैनिकों के शौर्य और साहस को याद किया जा सके, जिन्होंने कारगिल-द्रास-मुशकोह सेक्टरों में भारतीय क्षेत्र से पाकिस्तानी सैनिकों और मुजाहिदों को खदेड़ने के लिए अदम्य वीरता और अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना लड़ाई लड़ी। इस अवसर पर, 39 जीटीसी, वाराणसी में युद्ध स्मारक पर ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता, स्टेशन कमांडर, वाराणसी की उपस्थिति में 39 जीटीसी के सभी अधिकारियों, जेसीओ और अन्य रैंकों द्वारा माल्यार्पण समारोह आयोजित किया गया।

इसके पश्चात्, ‘ऑपरेशन विजय’ के भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों को स्टेशन कमांडर और ज्योति दत्ता, वरिष्ठ निदेशक, परिवार कल्याण संगठन द्वारा सम्मानित किया गया। यह दिन 1999 के कारगिल संघर्ष के दौरान पाकिस्तान पर भारत की सैन्य विजय का प्रतीक है। कारगिल विजय दिवस की वर्षगांठ पूरे भारत में उन शहीदों को श्रद्धांजलि देकर मनाई जाती है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिक, विशिष्ट नागरिक और स्कूलों के बच्चे भी बहादुर भारतीय सेना के जवानों का सम्मान करने के लिए उपस्थित थे।