विन्ध्याचल (मीरजापुर) – मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में चैत्र नवरात्र के दौरान रोडवेज परिसर विन्ध्याचल में चल रहे विन्ध्य महोत्सव कार्यक्रम में ध्रुव फाउंडेशन के तत्वाधान में साधो द बैंक के द्वारा राम आयेंगे तो अंगना सजाऊंगी….. सहित अनेक भजन व सूफी गीत सुनाकर लोगो को मंत्रमुग्ध किया गया। दिल्ली से पधारी शालिनी चतुर्वेदी के द्वारा भजन, देवीगीत प्रस्तुत कर लोगो का मनोरंजन कराया गया। वाराणसी के सुजीत सरोज तिवारी व अराधना सिंह के द्वारा लोकगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के कलकार रागिनी चन्द्रा व कल्याणी मिश्रा के द्वारा देवी गीत प्रस्तुत किया गया जिसकी लोगो ने सराहना की। तत्पश्चात लखनऊ से जितेन्द्र झाॅ के टीम के द्वारा देवीगीत, संस्कृति विभाग के कलाकार प्रकाश मलिक व मीरजापुर से देवी मौर्या, कीर्ति साहनी, प्रवीण कुमार मिश्रा, अमरनाथ शुक्ला, रमापति पाल, विनय कुमार (मधुकर) के द्वारा भजन देवी गीत, देवी जागरण सहित अनेक गीत प्रस्तुत कर लोगो को अपनी कला की तरफ आकर्षित किया गया।

विन्ध्य महोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, सदस्य विधान परिषद श्याम नरायण सिंह उर्फ ‘विनीत सिंह’ ने देवी चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ किया। सदस्य विधान परिषद व अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे देवेन्द्र प्रताप सिंह के द्वारा सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी टीम के प्रत्येक सदस्य को चुनरी एवं ग्रुप लीडर को स्मृति चिन्ह व देवी चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर शक्ति प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, खण्ड विकास अधिकारी छानबे सहित अन्य अधिकारी व भारी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहें।